शुक्रवार, 5 सितंबर 2014
नई दिल्ली
दिल्ली में भाजपा को बतौर सबसे बड़े दल सरकार बनाने के लिए बुलाने की उपराज्यपाल नजीब जंग की योजना से आम आदमी पार्टी (आप) आग बबूला हो गई है। पार्टी ने शुक्रवार को उपराज्यपाल पर तीखा हमला बोला। मोर्चा प्रदेश संयोजक आशुतोष ने संभाला। उन्होंने इसे संविधान के साथ बलात्कार तक की संज्ञा दे डाली।
आशुतोष ने शुक्रवार सुबह एक के बाद एक कई ट्वीट किए। उन्होंने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल खरीद-फरोख्त को बढ़ावा दे रहे हैं। अगर ऐसी पार्टी को दुबारा सरकार बनाने के लिए बुलाया जाता है जिसने पहले सरकार बनाने से मना कर दिया हो तो यह संविधान के साथ बलात्कार होगा।
आशुतोष के मुताबिक, मुझे उम्मीद है कि उपराज्यपाल को हर्षवर्धन की पुरानी चिट्ठी याद होगी, जिसमें चुनाव के तुरंत बाद उन्होंने सरकार बनाने से इंकार कर दिया था। उपराज्यपाल उस पार्टी को सरकार बनाने के लिए कैसे बुला सकते हैं जिसने सरकार बनाने से लिखित में इंकार किया हो।
आशुतोष का कहना है कि पार्टी राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से गुजारिश करेगी कि दिल्ली में खरीद-फरोख्त कर सरकार बनने की अनुमति न दें। उन्हें भाजपा व उपराज्यपाल को लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।
उनके मुताबिक, जो पार्टी बहुमत होने का दावा करती है उसके पास बहुमत साबित करने के लिए सबूत भी होना चाहिए। आशुतोष ने कहा कि संवैधानिक रूप से अल्पमत सरकार नहीं बनाई जा सकती। विधानसभा में बहुमत के पक्ष में प्रमाण दिए बिना किसी भी पार्टी को सरकार बनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। दूसरी तरफ मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगर मीडिया की खबरें सही हैं तो यह संविधान की भावना के खिलाफ है।
आप नेता कुमार विश्वास ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है कि आज बच्चे पूछ रहे हैं सर, जमीर में जंग लगवाकर 31 को 36 में कैसे बदला जा सकता है, जिससे चोर दरवाजे से गद्दी मिल सके।




.jpg)



.jpg)

.jpg)